शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// रात के समय सड़क पर तीखे मोड़, डिवाइडर, पुल-पुलिया और बिना लाइट वाले भारी वाहन कई बार हादसे का कारण बन जाते हैं। इसे देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष पहल शुरू की है। यातायात पुलिस ने भारत माता चौक से हार्डी बायपास तक सड़क के संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए।
इस दौरान सड़क किनारे मौजूद ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, डिवाइडर, पुल-पुलियों के किनारे और बिना जलती लाइटों वाले भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया गया। इसका उद्देश्य रात में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और सामने मौजूद अवरोध दूर से ही दिखाई देना है।
दूर से दिखाई देंगे सड़क के खतरनाक हिस्से
रिफ्लेक्टर टेप पर वाहन की लाइट पड़ते ही वह चमकने लगता है। इससे अंधेरे में सड़क के मोड़, डिवाइडर और पुल-पुलियों के किनारे आसानी से नजर आ सकेंगे। वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा पहले ही लग जाएगा और वे समय रहते अपनी गति कम कर सकेंगे।यातायात पुलिस का मानना है कि इस तरह की छोटी लेकिन जरूरी सावधानियां रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं।
वाहन चालकों को भी दी गई समझाइश
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आसपास के लोगों को रिफ्लेक्टर टेप के महत्व की जानकारी दी। साथ ही सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों से खास तौर पर अपील की है कि रात में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें और नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं। सड़क पर लगे रिफ्लेक्टर और यातायात संकेतों पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों के सुरक्षित सफर के लिए इस तरह के जागरूकता और सुधारात्मक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


