शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। खनिज अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर कई वाहनों और मशीनों पर कार्रवाई की गई है। तहसील भटगांव क्षेत्र में 13 जून को किए गए निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 3 ट्रैक्टर और 1 हाईवा क्रमांक CG-22-X-4655 को पकड़ा गया। वहीं एक ट्रैक्टर पर अवैध रूप से चूनापत्थर परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को थाना भटगांव की सुपुर्दगी में दिया गया।
इसी तरह तहसील सारंगढ़ के ग्राम गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र में 13 और 14 जून को निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई। वहीं 15 जून को सरिया क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान डोलोमाइट का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रेलर क्रमांक CG-13-AY-2328 को जब्त कर थाना सरिया के सुपुर्द किया गया।
खनिज विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई 16 जून को ग्राम टिमरलगा में देखने को मिली। यहां औचक निरीक्षण के दौरान चूनापत्थर के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 पोकलेन मशीन और हाईवा क्रमांक CG-13-BH-8987 को जब्त किया गया। जब्त मशीनों और वाहन को ग्राम कोटवार टिमरलगा की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


