रायगढ़ में बड़ी वारदात का खुलासा: ट्रांसपोर्ट ऑफिस में घुसकर मारपीट, लूट और तोड़फोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

शेयर करें...

रायगढ़// ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड क्षेत्र में हुई मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना पर जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर डकैती सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Join WhatsApp Group Click Here

कार विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, ऑफिस में घुसकर की वारदात

जानकारी के मुताबिक 26 अप्रैल की शाम उपेंद्र सिंह अपने ट्रांसपोर्ट कार्यालय जा रहे थे, तभी रास्ते में खड़ी कार को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बचने के लिए उपेंद्र सिंह अपने ऑफिस की ओर भागे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए अंदर घुस गए।

कर्मचारियों से मारपीट, डेढ़ लाख की लूट

आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ मचाई और कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद कैश काउंटर से करीब 1.50 लाख रुपये और हिसाब-किताब की डायरी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचे आरोपी

मामले की सूचना मिलते ही जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और साक्ष्य जुटाकर पांच आरोपियों शिवा पटेल उर्फ विक्की, सुखसागर सारथी उर्फ सागर, मनोज सारथी, लोकेश्वर साहु और गणेश दास महंत उर्फ नानु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 370 रुपये बरामद किए गए।

फरार आरोपियों की तलाश जारी, SSP का सख्त संदेश

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि जिले में लूट और हिंसा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Scroll to Top