ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर बड़ी कार्रवाई, 25 किलो से अधिक गांजा के साथ पुणे के चार युवक और अपचारी बालक गिरफ्तार..

शेयर करें...

Major action taken outside Raigarh railway station under ‘Operation Aaghat’: four youths from Pune and a juvenile in conflict with the law arrested with over 25 kg of ganja.

Join WhatsApp Group Click Here

रायगढ़// नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में चार युवकों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से कुल 25.175 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है। पकड़े गए सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे जिले के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से पुणे जाने की तैयारी थी, लेकिन रास्ते के खर्च की व्यवस्था करने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में तीन युवकों से 20.434 किलो गांजा जब्त

20 नवंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर तीन व्यक्ति बैग और ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बैठे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान अमोल बबन धोत्रे (29 वर्ष), निवासी वरवंड गोपीनाथ नगर, जिला पुणे; सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18 वर्ष), निवासी सिंहमड रोड, किरकटवाड़ी, जिला पुणे और शुभम नंदू गुंजाल (23 वर्ष), निवासी जुनादत्तावाड़ी रोड, जिला पुणे के रूप में हुई।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उनके पास से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आईफोन, रेडमी और ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, जब्त किए गए।

दूसरी कार्रवाई में 4.741 किलो गांजा के साथ दो पकड़े गए

इसी दौरान पुलिस को रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो व्यक्तियों के बैग में गांजा रखकर वाहन का इंतजार करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा। इनमें एक की पहचान इम्तियाज रफिक ईनामदार (21 वर्ष), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे के रूप में हुई, जबकि दूसरा 16 वर्ष 2 माह का अपचारी बालक है।

तलाशी के दौरान इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है। उसके पास से करीब 10 हजार रुपये कीमत का एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ ओडिशा से गांजा खरीदकर पुणे ले जाने की बात बताई। गांजे के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस वे प्रस्तुत नहीं कर सके।

दो प्रकरण दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 और 583/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का, दिलसिंह कंवर, जगदेव मरकाम, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत, आरक्षक जितेन्द्र दुबे, गणेश राम राठिया, अमित खलखो, नितेश लकड़ा और प्रेमसाय उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में आरपीएफ रायगढ़ का भी विशेष सहयोग मिला।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

Scroll to Top