शेयर करें...
ईयू7सारंगढ़-बिलाईगढ़// थाना सरसींवा क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक खातों से 31 लाख रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बैंक कर्मचारियों से साठगांठ कर होल्ड खातों को फर्जी तरीके से अनहोल्ड कर रकम आहरित की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
फर्जी तरीके से खातों को अनहोल्ड कर निकाले लाखों रुपये
मामले में एचडीएफसी बैंक बिलाईगढ़ और सारंगढ़ के बैंक प्रबंधकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए होल्ड खातों को अनहोल्ड कर करीब 31 लाख रुपये निकाल लिए। इसमें एक खाते से 21 लाख और दूसरे से लगभग 10 लाख 34 हजार रुपये आहरित किए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सरसींवा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लंबे समय ईसे फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी शिवा साहू (रायकोना), पारसनाथ साहू (चकरदा) और सूर्यकांत साहू उर्फ सोनू साहू (मोहतरा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से इनोवा कार, सेलेरियो कार, जावा मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन और कूटरचित दस्तावेज समेत करीब 40 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस टीम की अहम भूमिका, आरोपियों को भेजा गया जेल
आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 6 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वीणा यादव, उप निरीक्षक अमृत भार्गव, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार टंडन सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


