रायगढ़ में रोजगार का महाकुंभ; 26 मई को होगा ओपन प्लेसमेंट कैंप, 800 पदों पर ली जाएगी भर्ती..

शेयर करें...

रायगढ़// क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली रायगढ़ में 26 मई 2026 को सुबह 10 बजे से ओपन प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में प्रदेश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी और युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सीधा मौका मिलेगा।

Join WhatsApp Group Click Here

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार प्लेसमेंट कैंप में 25 से अधिक नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जहां 800 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं का चयन कर उन्हें बेहतर वेतन, प्रशिक्षण और करियर के अवसर उपलब्ध कराएंगी। यह कैंप न केवल कॉलेज विद्यार्थियों बल्कि बेरोजगार युवाओं के लिए भी रोजगार का महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है।

प्रदेशभर के युवा ले सकेंगे हिस्सा

इस ओपन प्लेसमेंट कैंप में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई और तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवा भाग ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया के तहत कंपनियों द्वारा सीधे इंटरव्यू लिए जाएंगे, जिससे युवाओं को बिना किसी बिचौलिए के नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन भी मिलेगा

कॉलेज के चेयरमेन गौतम चौधरी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं को शिक्षा के साथ सही अवसर और मार्गदर्शन की जरूरत होती है। इसी सोच के साथ कॉलेज लगातार रोजगार आधारित पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्लेसमेंट कैंप युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने बताया कि कैंपस के दौरान करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें विशेषज्ञ युवाओं को इंटरव्यू की तैयारी, व्यक्तित्व विकास और करियर चयन से जुड़ी उपयोगी जानकारी देंगे।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा

कॉलेज प्रबंधन ने सभी पात्र युवाओं और विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अभ्यर्थी अधिकतम सात कंपनियों में आवेदन कर सकेंगे और प्रत्येक कंपनी के लिए अलग-अलग बायोडाटा जमा करना होगा।

इच्छुक युवाओं से कहा गया है कि वे अपने साथ शैक्षणिक दस्तावेज, अपडेटेड बायोडाटा, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार की नई राह खोलने वाला साबित होगा।

Scroll to Top