लिव-इन पार्टनर निकला हत्यारा, जली हुई महिला की लाश मिलने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा..

शेयर करें...

रायगढ़// पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में अधेड़ महिला की जली हुई लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर ने ही की थी। हत्या के बाद आरोपी ने पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतिका की पहचान और आरोपी तक पहुंचने की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में प्रसारित किए। इसी दौरान पुलिस को लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके साथ रह रही महिला के कई दिनों से लापता होने की जानकारी मिली।

सोशल मीडिया से हुई मृतिका की पहचान

पुलिस द्वारा जारी फोटो और वीडियो देखने के बाद जशपुर जिले के ग्राम बोरो से दो युवक पूंजीपथरा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से बरामद कपड़ों और शव की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि मंगरिता एक्का पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करती थी।।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही इमिलीयूस तिग्गा की तलाश शुरू की और जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से तुमीडीह स्थित एनआर फेरो प्लांट में मजदूरी करता है। करीब तीन महीने पहले उसकी पहचान मां शिवा प्लांट में काम करने वाली मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे पति-पत्नी की तरह लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में साथ रहने लगे।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंगरिता एक्का उसे दूसरी महिला के साथ संबंध रखने और दूसरी पत्नी रखने के शक में अक्सर विवाद करती थी। दोनों के बीच लगातार झगड़े होने लगे थे।घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

शव जलाकर मिटाने लगा सबूत

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर ले जाकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। इससे शव की पहचान मिटाने और सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई।हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच, सोशल मीडिया अभियान और सटीक पूछताछ के चलते मामला सुलझ गया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी इमिलीयूस तिग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे घटनास्थल ले जाकर साक्ष्य जुटाए गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Scroll to Top