जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में वृहद न्योता भोज, कलेक्टर ने की कनकबीरा का निरीक्षण, महिलाओं और बच्चों के विकास की योजनाओं की प्रगति की ली जानकारी..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के लगभग सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में वृहद न्योता भोज का आयोजन किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आंगनबाड़ी केंद्र कनकबीरा का निरीक्षण कर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित न्यौता भोज कार्यक्रम में सहभागी बनीं और बच्चों से आत्मीयतापूर्ण ममत्व के साथ बात की।

Join WhatsApp Group Click Here

उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के वजन एवं उम्र के अनुरूप पोषण स्तर की जानकारी ली तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं, इसकी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय गर्भवती माताओं से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने माताओं से पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण तथा गर्भावस्था के दौरान मिलने वाली शासकीय सुविधाओं के संबंध में भी चर्चा की।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राही तक प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी उत्तम प्रसाद, पर्यवेक्षक कमला सिदार, परियोजना अधिकारी चंचला, नायब तहसीलदार खोमनलाल ध्रुव, जनपद सदस्य राजेश सिदार एवं सरपंच ग्राम पंचायत कनकबीरा कीर्ति प्रसाद थूरिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शकुन बाई सिदार एवं सुकबाई बंजारे सहित बड़ी संख्या में गर्भवती एवं शिशुवती माताएं उपस्थित रहीं।

Scroll to Top