शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// उम्र को महज एक आंकड़ा साबित करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम चांटीपाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में 14 और 15 नवंबर 2026 को आयोजित 9वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने चार पदक जीतकर छत्तीसगढ़ सहित पूरे बरमकेला अंचल का मान बढ़ाया है।
50 प्लस आयु वर्ग में जीते चार पदक
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से लगभग 570 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 50 प्लस आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए जुगेंद्र प्रसाद साहू ने अपनी रफ्तार और दमखम से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 400 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा 4×100 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीतकर कुल चार पदक अपने नाम किए।
परिवार और मार्गदर्शकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय जुगेंद्र प्रसाद साहू ने माता-पिता, परिवारजनों और मार्गदर्शक शिक्षकों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से कुनकुरी के शिक्षक महेश तिर्की, गरियाबंद के व्याख्याता प्रेमसिंग नागेश, सरिया के भाई सीताराम प्रधान और बरमकेला बीईओ मुकेश कुर्रे के प्रति आभार जताया। इसके साथ ही प्रधान पाठक कल्याण संघ के साथी कन्हैया लाल नायक, महेंद्र कुर्रे, सुभाष चौहान, महजूद राम और दीपक सहित चांटीपाली स्कूल के समस्त स्टाफ का भी धन्यवाद किया।
कोठीखोल और बरमकेला अंचल का जताया आभार
जुगेंद्र प्रसाद साहू ने कोठीखोल और बरमकेला अंचल के लोगों को भी अपनी सफलता का सहभागी बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने लगातार उनका उत्साह बढ़ाया, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उनकी यह उपलब्धि बताती है कि प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति जुनून के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती। चार राष्ट्रीय पदक जीतकर उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों को भी यह संदेश दिया है कि लगन और निरंतर अभ्यास से किसी भी उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।


