शेयर करें...
रायगढ़/ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में फॉरेस्ट गार्ड भर्ती के लिए परीक्षा होनी है। यह परीक्षा 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। विभाग ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। इसमें शुरुआती चरण में शारीरिक नापजोख और शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 नवंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
दरअसल, रायगढ़ वन मंडल, धरमजयगढ़ और जांजगीर चांपा वन मंडल में 103 पदों पर वनरक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए विभाग को 34315 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसके बाद दस्तावेजों की जांच में 34231 आवेदन पात्र और 84 आवेदन अपात्र पाए गए। अब रायगढ़ में तीनों वन मंडलों के लिए 34231 अभ्यर्थी वनरक्षक बनने के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे।
अभ्यार्थियों को मिलेंगे 25 अंक
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि, शारीरिक दक्षता परीक्षा में 200 मीटर और 800 मीटर की दौड़ शामिल होगी। इसके अलावा लंबी कूद और गोला फेंक की परीक्षा होगी। सभी दक्षता परीक्षाओं के लिए 25-25 अंक निर्धारित किए गए हैं। दक्षता परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। रायगढ़ स्टेडियम में 5 काउंटर बनाए जाएंगे। दोनों दौड़ के लिए एक ही ट्रैक का इस्तेमाल होगा।
इन्हें मिलेगा अंतिम दिन मौका
बताया जा रहा है कि, परीक्षा 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। यदि कोई अभ्यर्थी बीमारी या किसी अन्य परीक्षा में शामिल होने के कारण शारीरिक दक्षता परीक्षा की निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहता है, तो प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने पर उसे अंतिम दिन परीक्षा का मौका दिया जाएगा।
रायगढ़ में तैयारियां शुरू
इस मामले में रायगढ़ वन मंडल डीएफओ स्टाईलो मंडावी ने बताया कि, रायगढ़ स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू की गई है।। इसमें रायगढ़ वन मंडल में 55 रिक्त पद, धरमजयगढ़ मंडल के 34 और जांजगीर चांपा वन मंडल के 14 रिक्त पदों के लिए वनरक्षकों की भर्ती की जाएगी।