अवैध रेत उत्खनन में जब्त JCB चोरी मामले का खुलासा, सलिहा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// थाना सलिहा पुलिस को चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के दौरान जब्त की गई जेसीबी मशीन की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सोनपुर की सचिव विमला साहू ने 21 जून 2026 को थाना सलिहा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को खनिज विभाग द्वारा जोकनदी में अवैध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर एक जेसीबी मशीन को जब्त कर सोनपुर नदी किनारे सील कर रखा गया था। लेकिन 13 और 14 जून की रात के बीच अज्ञात चोर जेसीबी को चोरी कर ले गए। मशीन की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में एक ट्रेलर में जेसीबी ले जाते हुए दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस तुमगांव पहुंची, जहां ट्रेलर चालक घनश्याम ध्रुव से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि ग्राम मोखला निवासी ईशान चंद्राकर के कहने पर वह ट्रेलर लेकर सोनपुर क्षेत्र पहुंचा था, जहां जेसीबी मशीन ट्रेलर में लोड कर महासमुंद जिले के ग्राम मुढेना में उतारी गई थी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई जेसीबी मशीन बरामद कर ली तथा घटना में प्रयुक्त ट्रेलर भी जब्त कर लिया। जांच के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगाने का मामला भी सामने आया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा, उपनिरीक्षक देवनारायण साहू, प्रधान आरक्षक निशांत कुमार दुबे सहित थाना सलिहा की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Scroll to Top