शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोबरसिंहा (1551) में सहकारी सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि, सहकारी संस्थाओं को सशक्त एवं पारदर्शी बनाना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस की शुरुआत समिति के प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल द्वारा सतरंगी ध्वजारोहण के साथ की गई। इसके बाद समिति प्रबंधक मिनकेतन डनसेना ने समिति के बायलॉज का वाचन कर उपस्थित किसानों एवं जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को प्रसाद और नाश्ता वितरित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में शामिल हुए और सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के प्राधिकृत अधिकारी (अध्यक्ष) मुरलीधर पटेल ने कहा कि सरकार और सहकारी समिति किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि समिति के माध्यम से खाद और बीज की किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा सभी किसानों को उनके निर्धारित कोटे के अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “सहकार से समृद्धि” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में सहकारी सप्ताह का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसानों और सहकारी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अंत में मुरलीधर पटेल ने सभी अतिथियों, किसानों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।


