लोक कला का संरक्षण और कलाकारों को मंच देना जरूरी: डॉ. सोमनाथ यादव..

शेयर करें...

मुंगेली// डॉ. सोमनाथ यादव के मुंगेली प्रवास के दौरान यादव समाज के प्रमुखों और संगठन के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डॉ. सोमनाथ यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में कला, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं पर्यटन प्रमुख का नया दायित्व मिलने पर समाज की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

Join WhatsApp Group Click Here

चर्चा के दौरान डॉ. सोमनाथ यादव ने कहा कि समाज से जुड़ी लोक कला और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण एवं संवर्धन बेहद जरूरी है। अलग-अलग लोक विधाओं से जुड़े कलाकारों को उचित मंच देने, उन्हें संबल प्रदान करने और उनकी कला का सम्मान करने की जरूरत है। इससे हमारी संस्कृति और परंपराएं सुरक्षित रहेंगी और आने वाली पीढ़ियां भी अपनी गौरवशाली लोक कला एवं परंपराओं को आगे बढ़ा सकेंगी।

ग्रामीण यादवों को संगठन से जोड़ने पर जोर

बैठक में यादव समाज के संगठन को और मजबूत बनाने तथा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले यादव समाज के लोगों को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा हुई। प्रवास के दौरान पहुंचे पूर्व महापौर नगर निगम बिलासपुर रामशरण यादव और यादव समाज बिलासपुर के पदाधिकारी राकेश यादव का भी आत्मीय स्वागत किया गया।

रामशरण यादव ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। वहीं संजय यादव, उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी मुंगेली एवं उपाध्यक्ष पांच राज यादव महासमिति ने बताया कि मुंगेली जिले में युवाओं को एकजुट कर संगठन से जोड़ने के साथ रोजगार और सामाजिक हित से जुड़े विषयों पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में इन गतिविधियों को और विस्तार देने की बात कही गई।

बैठक में संतोष कुमार यादव, प्रदेश सचिव बांस गीत गाथा अकादमी छत्तीसगढ़, धनीराम यादव, अध्यक्ष पांच राज यादव महासमिति, नरेश राम यादव, जिला अध्यक्ष सर्व यादव समाज मुंगेली, संजय यादव, सूरज यादव पार्षद नगर पालिका परिषद मुंगेली एवं राधा कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव व दही हांडी मटका फोड़ आयोजन समिति के संयोजक, सुरेंद्र लल्ला यादव, घनश्याम यादव दशरंगपुर और रामजी यादव सहित समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Scroll to Top