शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ आगमन के दौरान रेस्ट हाउस में उस समय गहमागहमी की स्थिति बन गई, जब मंत्री से मुलाकात के दौरान कुछ भाजपा नेताओं और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों के बीच नोकझोंक हो गई। सुरक्षा कर्मी द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने की बात सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मंत्री दयालदास बघेल बरमकेला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा से संकल्प’ के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान सारंगढ़ रेस्ट हाउस में मंत्री से मुलाकात के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हुई। घटना से नाराज भाजपा नेता एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री हरिनाथ खूंटे अपने साथियों के साथ रेस्ट हाउस के गेट के बाहर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया।
माफी के बाद खत्म हुआ धरना
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। मामला बढ़ता देख भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
काफी देर तक चर्चा के बाद संबंधित सुरक्षा कर्मी द्वारा माफी मांगने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला शांत हुआ और हरिनाथ खूंटे ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान कुछ समय तक रेस्ट हाउस परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। बाद में भाजपा नेताओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
मंत्री के आगमन के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, फिलहाल मामले को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से किसी औपचारिक शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान या घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


