शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// ग्राम पंचायत बुदबुदा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर लगाए गए वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच टीम गठित कर दी है। शिकायतकर्ता हेमन्त पटेल द्वारा कलेक्टर को की गई शिकायत और मामले के सार्वजनिक होने के बाद प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू की है।
जारी आदेश के अनुसार जूली तिर्की (उप संचालक पंचायत), ममता सारथी (लेखाधिकारी, जिला पंचायत) और लक्ष्मी कुमार जांगड़े (अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उपसंभाग, बरमकेला) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। टीम को पंचायत में हुए कार्यों, खर्च और अभिलेखों की जांच सहित भौतिक सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
हालांकि जांच टीम के गठन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या जांच अधिकारी पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करेंगे या फिर आरोपों के घेरे में आने वाले जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास होगा। पंचायत क्षेत्र में भी इस बात को लेकर चर्चा तेज है और ग्रामीण जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता एवं पत्रकार हेमन्त पटेल ने कहा कि उन्हें जिला प्रशासन और देश की व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जांच अधिकारी बिना किसी पक्षपात के निष्पक्ष जांच करेंगे और यदि जनता के पैसों का दुरुपयोग हुआ है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब पूरे मामले में सभी की निगाहें जांच टीम की रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


