बरमकेला में जिला पंचायत सीईओ ने ली रोजगार सहायकों की समीक्षा बैठक, रोजगार सृजन में तेजी लाने के दिए निर्देश, मांग आधारित रोजगार, स्वीकृत कार्यों की प्रगति और श्रमिकों की सहभागिता बढ़ाने पर दिया विशेष जोर..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक श्रम दिवस सृजित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत बरमकेला के सभाकक्ष में VB-GRAM-G के अंतर्गत रोजगार सहायकों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतवार रोजगार सृजन, स्वीकृत कार्यों की प्रगति एवं श्रमिकों की सहभागिता की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

जिला पंचायत सीईओ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को उनकी मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी रोजगार सहायक ग्राम पंचायत स्तर पर सक्रियता से कार्य करते हुए अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना से जोड़ें तथा श्रम दिवस सृजन के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कर रोजगार सृजन में लाएं तेजी

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने, रोजगार की मांग करने वाले श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराने तथा संचालित कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार सहायकों की सक्रिय भूमिका से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने पंचायतवार कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा करने, अधिकाधिक श्रमिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा रोजगार सृजन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर

जिला पंचायत सीईओ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि पात्र ग्रामीण परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पंचायत स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बरमकेला की सीईओ संजू पटेल, एपीओ VB-GRAM-G शशिकांत गुप्ता, पीओ कमलेश कुमार मेहरा सहित तकनीकी सहायक एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Scroll to Top