सोशल मीडिया से पढ़ाई में न भटकाएं ध्यान, अनजान लिंक से रहें दूर, कलेक्टर और एसपी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// ऑनलाइन ठगी के बढ़ते तरीकों के बीच विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए इस साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक और शिक्षिकाएं शामिल हुए। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सावधानीपूर्वक उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए।

Join WhatsApp Group Click Here

पढ़ाई के समय सोशल मीडिया से बनाएं दूरी

कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सोशल मीडिया आज ध्यान भटकाने का बड़ा माध्यम बन गया है। इसके अधिक उपयोग से पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों में एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के समय सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने और समय का सही उपयोग करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने साइबर ठगी के तरीकों के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही संदिग्ध ऐप डाउनलोड करें। मोबाइल में ऐप हमेशा आधिकारिक माध्यम से ही डाउनलोड करना चाहिए। उन्होंने निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने की भी सलाह दी।

पैसे दोगुने करने के लालच में न दें OTP और UPI PIN

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि पैसे दोगुने करने, लॉटरी जीतने या मुफ्त उपहार मिलने जैसे लालच में आकर अपनी गोपनीय जानकारी किसी को न दें। उन्होंने कहा कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, OTP, ATM PIN और UPI PIN साझा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।

कार्यक्रम में फर्जी लोन ऐप, मुफ्त रिचार्ज और गिफ्ट के नाम पर भेजे जाने वाले लिंक, नकली वेबसाइट और फर्जी APK ऐप के जरिए होने वाली साइबर ठगी के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि ठग कई बार बैंक या सरकारी वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर लोगों के पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी चुराते हैं।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को मजबूत पासवर्ड रखने, अलग-अलग खातों के लिए अलग पासवर्ड इस्तेमाल करने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखने की सलाह दी गई। डिजिटल भुगतान करते समय QR कोड और भुगतान की जानकारी जांचने तथा सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग लेन-देन से बचने की बात भी कही गई।

पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, एसडीएम सारंगढ़ और जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की कि ऑनलाइन दुनिया में सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।

Scroll to Top