सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में HPV टीकाकरण जागरूकता अभियान शुरू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना..

शेयर करें...

गांव-गांव पहुंचकर प्रचार वाहन देंगे टीकाकरण का संदेश, अभिभावकों एवं किशोरियों को करेंगे जागरूक

सारंगढ़-बिलाईगढ़// किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए शासन की स्वास्थ्य पहल के तहत जिला प्रशासन द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने तीन प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Join WhatsApp Group Click Here

ये प्रचार वाहन जिले के सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ विकासखंडों के शहरी तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों, अभिभावकों एवं किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के संबंध में जागरूक करेंगे। अभियान के माध्यम से पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के साथ ही अधिक से अधिक परिवारों तक आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैष्णव ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रचार वाहनों के माध्यम से गांव-गांव एवं गली-मोहल्लों तक टीकाकरण का संदेश पहुंचाया जाएगा, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक होने तथा पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार धारा, जिला लेखा प्रबंधक मनोज साहू, जिला प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन प्रबंधक ममता जोल्हे, जिला सलाहकार (आरएमएनसीएच+ए) वीरेंद्र कुमार मतवाले तथा जिला कार्यक्रम समन्वयक रोशन सचदेव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top