भाजपा जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की खबर से मची हलचल, ज्योतिलाल पटेल ने बताया फेक न्यूज, वायरल पत्र ने बढ़ाई सियासी चर्चाएं..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले की राजनीति में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के कथित इस्तीफे को लेकर उस वक्त हलचल मच गई, जब सोशल मीडिया पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के नाम संबोधित एक त्यागपत्र तेजी से वायरल होने लगा। वायरल पत्र में संगठन के भीतर कथित खींचतान, नेताओं की कार्यप्रणाली और आगामी नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है। हालांकि, इस पूरे मामले में ज्योतिलाल पटेल ने सामने आकर इस्तीफे की खबर को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मामले को लेकर जब हमने ज्योतिलाल पटेल से फोन पर बात की तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्होंने कोई त्यागपत्र नहीं दिया है। इस्तीफे की खबर को उन्होंने फेक न्यूज बताते हुए इसका खंडन किया। उनके इस बयान के बाद वायरल पत्र की सत्यता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

क्या है वायरल इस्तीफा पत्र में ?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित त्यागपत्र में ज्योतिलाल पटेल की ओर से जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने का उल्लेख है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि उनके क्रियाकलापों से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और जिले में पार्टी कमजोर हो रही है। इसके अलावा जिला महामंत्री अमित तिवारी पर संगठन को अपने अनुसार चलाने और आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर कथित दबाव बनाने के आरोप भी पत्र में दर्ज हैं। पत्र में संगठन के भीतर चल रही परिस्थितियों से चिंतित और तनावग्रस्त होने का हवाला देते हुए जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात लिखी गई है।

एक तरफ वायरल इस्तीफा, दूसरी तरफ जिलाध्यक्ष का इनकार

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि सोशल मीडिया पर कथित इस्तीफा पत्र तेजी से प्रसारित हो रहा है, वहीं खुद भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल इसे फर्जी बता रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर वायरल हो रहा पत्र किसने जारी किया और इसके पीछे की वास्तविकता क्या है? फिलहाल न तो वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि हुई है और न ही जिलाध्यक्ष की ओर से इस्तीफा देने की बात स्वीकार की गई है।

ऐसे में इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जिले के राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा का प्रदेश नेतृत्व इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण देता है या वायरल पत्र की सच्चाई सामने आती है। फिलहाल इतना तय है कि एक वायरल इस्तीफा पत्र और जिलाध्यक्ष के स्पष्ट इनकार ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ की राजनीति में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Scroll to Top