शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अपनी लंबित समस्याओं और सेवा संबंधी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने गुरुवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए सहायक आयुक्त, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के माध्यम से आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांगों का जल्द निराकरण करने की अपील की।

HMS पोर्टल के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की मांग
संघ का कहना है कि छात्रावास और आश्रमों के संचालन की जिम्मेदारी निभाने के साथ अधीक्षकों को HMS पोर्टल पर ऑनलाइन कार्य भी करना पड़ता है। इस दौरान कई तकनीकी समस्याएं आती हैं। पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण अधीक्षकों को अपने निजी खर्च से कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं।
संघ ने प्रत्येक छात्रावास एवं आश्रम में कंप्यूटर, स्कैनर, इंटरनेट सुविधा और कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जब तक विभाग की ओर से संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक अधीक्षकों पर निजी खर्च से ऑनलाइन कार्य करने का दबाव नहीं बनाया जाए।
मेडिकल अवकाश और वेतन कटौती का मुद्दा
ज्ञापन में HMS पोर्टल पर 30 दिन के मेडिकल अवकाश का प्रावधान जोड़ने की मांग भी उठाई गई। संघ ने दो से तीन दिन की अनुपस्थिति पर मेस राशि में कटौती पर रोक लगाने और न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूर्ण वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा विद्यार्थियों की उपस्थिति को सार्वजनिक करने के बजाय केवल अधिकृत अधिकारियों तक सीमित रखने की बात कही गई।
कार्य अवधि और अवकाश तय करने पर जोर
छात्रावास अधीक्षकों की कार्य अवधि निर्धारित करने, साप्ताहिक एवं सार्वजनिक अवकाश सुनिश्चित करने और ऑन-कॉल व्यवस्था को स्पष्ट करने की मांग की गई है। संघ ने महिला अधीक्षकों की कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी करने पर भी जोर दिया।
पदोन्नति और कैडर पुनर्गठन की मांग
संघ ने विभागीय कैडर का पुनर्गठन कर मंडल संयोजक, क्षेत्र संयोजक एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी जैसे पदों पर विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति का अवसर देने की मांग रखी। इसके साथ ही शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को VSK ऐप से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता से छूट देने तथा छात्रावास संचालन के लिए दैनिक सामग्री, यात्रा भत्ता और अन्य स्वीकृत मदों का बजट समय पर जारी करने की मांग भी शामिल है।
बेहतर संचालन के लिए संसाधन और उचित कार्य व्यवस्था जरूरी
संघ का कहना है कि छात्रावासों का बेहतर संचालन और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अधीक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लेकिन इस जिम्मेदारी के प्रभावी निर्वहन के लिए पर्याप्त संसाधन, निर्धारित कार्य व्यवस्था और उचित सेवा शर्तें भी जरूरी हैं। एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के बाद ज्ञापन सौंपकर संघ ने विभागीय अधिकारियों से पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। अब निगाहें शासन के अगले कदम की ओर टिकी हुई है।



You must be logged in to post a comment.