रात ढाई बजे ढाबा खोलने का दबाव, इनकार पर तोड़फोड़ और मारपीट की कोशिश का आरोप, थाने में हुई शिकायत..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// रात करीब ढाई बजे ढाबा खोलने से इनकार करने पर विवाद, गाली-गलौज और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। सारंगढ़ थाना क्षेत्र के कनकबीरा चौकी अंतर्गत ग्राम सालर में हुई इस घटना को लेकर 19 वर्षीय ढाबा संचालक रोहन थुरिया ने पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

ढाबा बंद होने की बात पर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, रोहन थुरिया पिता चंद्रमणि थुरिया निवासी सालर गांव में रोशन ढाबा संचालित करता है। आरोप है कि 11 नवंबर 2026 की रात करीब ढाई बजे ग्राम विशालपुर के कुछ लोग ढाबे पर पहुंचे और उसे खोलने का दबाव बनाने लगे। ढाबा बंद होने की बात कहने पर कथित तौर पर विवाद शुरू हो गया।

गमले फेंकने और दुकान में तोड़फोड़ का आरोप

रोहन ने अपनी शिकायत में प्रेमलाल चौहान, सुखदेव खुटे, लाला चौहान, प्रकाश कुर्रे और अशोक खुटे के नामों का उल्लेख किया है। आरोप है कि ढाबा नहीं खोलने की बात पर इन लोगों ने गाली-गलौज की और ढाबे के पास रखे गमलों को फेंक दिया। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे खिड़की से खींचकर मारपीट करने की कोशिश की गई। घटना के बाद से युवक भयभीत है।

कनकबीरा चौकी में सौंपा आवेदन

घटना के बाद रोहन थुरिया ने कनकबीरा चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Scroll to Top