शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// महानदी में आई बाढ़ के बाद सरिया तहसील के प्रभावित गांवों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसी बीच बाढ़ प्रभावित बरगांव में स्थित चौपाल में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों की आवश्यकतानुसार एक्स-रे सहित स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के मुताबिक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

बाढ़ के बाद गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जाना हाल
बरमकेला बीएमओ डॉ अवधेश पाणीग्राही के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ के बाद ग्राम बरगांव का दौरा किया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को समझा गया। ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य को लेकर जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई और जरूरतमंद लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
दूषित पानी से बचने और साफ-सफाई की दी समझाइश
बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, दूषित पानी का उपयोग नहीं करने और पीने के पानी को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करने और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करने की समझाइश भी दी गई।
शिविर में राजनीतिक कार्यकर्ता कमल किशोर पटेल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला से हरिशंकर पटेल, दिनेश पटेल, स्टाफ नर्स सहित गांव की मितानिन बहनों की मौजूदगी रही। सभी के सहयोग से ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का काम किया गया।
बाढ़ जैसी कठिन परिस्थिति में प्रभावित गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने से ग्रामीणों को राहत मिली। शिविर का उद्देश्य लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ समय पर जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराना और बाढ़ के बाद फैलने वाली संभावित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।



You must be logged in to post a comment.