पहली बारिश ने खोली 2.85 करोड़ के आत्मानंद स्कूल भवन की पोल, सीपेज, बाउंड्रीवाल व रसोईघर के अभाव से अभिभावकों में नाराज़गी

शेयर करें...

सरगांव। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय के नवीन भवन की गुणवत्ता पर पहली ही बारिश ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 1 खपरी रोड स्थित इस भवन का निर्माण आरईएस विभाग द्वारा 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। विद्यालय भवन का लोकार्पण 20 जुलाई को क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक ने सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान किया था। लेकिन लोकार्पण के समय ही कई कक्षों की छतों से सीपेज के कारण पानी टपकता दिखाई दिया, वहीं पहली बारिश के बाद यह समस्या और स्पष्ट होकर सामने आ गई।
जानकारी के अनुसार भवन की छत पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर जलभराव हो रहा है, जिसका असर कक्षाओं की छतों पर दिखाई दे रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नई इमारत में शुरुआती दौर में ही इस तरह की खामियां सामने आने से निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ होता तो पहली ही बारिश में भवन की यह स्थिति नहीं बनती।
विद्यालय में केवल छतों से रिसाव ही नहीं, बल्कि कई मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। परिसर में अब तक बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। हाल ही में विद्यालय परिसर में दो बच्चों के ऊपर बिच्छू गिरने की घटना भी सामने आई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं मध्यान्ह भोजन के लिए रसोईघर नहीं होने के कारण भोजन पुराने विद्यालय भवन से करीब दो किलोमीटर दूर से लाकर विद्यार्थियों को परोसा जा रहा है। परिसर में नियमित साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं होने से भी अभिभावकों ने नाराजगी जताई है।
विद्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर संचालित शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर भी अभिभावकों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास सुरक्षित और शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषी ठेकेदार, निर्माण एजेंसी तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

आरईएस विभाग के एसडीओ विजय मित्र ने बताया कि विद्यालय भवन में सीपेज की समस्या सामने आई है। संबंधित ठेकेदार को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश के कारण फिलहाल कार्य शुरू नहीं हो सका है। मौसम साफ होते ही आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी।

Scroll to Top