शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग सरिया ने कार्रवाई करते हुए 15 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब रखने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया। विभाग ने जब्त शराब के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी टीम को अवैध रूप से महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान राजेंद्र देहरी, पिता स्व. रूबिन देहरी के कब्जे से करीब 15 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। टीम ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पदमिनी भोई साहू और जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक सरिया लोकनाथ साहू, मोहनलाल चौहान, नगर सैनिक बंशीलाल, आबकारी आरक्षक गरिमा पटेल तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंद चौहान, डोलनारायण सहित विभागीय अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने लोगों से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।


