शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील के ग्राम छैलफोरा में अवैध खनन को लेकर प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बावजूद हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौटते नजर आ रहे हैं। कुछ समय पहले एसडीएम सारंगढ़ द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगे 5 पोकलेन और 1 जेसीबी मशीन को जब्त किया गया था। इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन माफियाओं के खिलाफ सख्ती के संकेत मिले थे। पूरी कार्रवाई राजस्व और पुलिस अमले की मौजूदगी में की गई थी और वाहन ग्राम पंचायत को सुपुर्द किए गए थे। इसके बाद जांच प्रतिवेदन खनिज विभाग को भी भेजा गया था।

लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई के कुछ ही हफ्तों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई है। स्थानीय आरोपों के मुताबिक हर्ष मिनरल्स ने कथित प्रभाव और मिलीभगत के सहारे जब्त वाहनों को छुड़ाने के बाद उसी खदान में डोलोमाइट का अवैध उत्खनन दोबारा शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब यहां दिन-रात खनन का काम बेरोकटोक चल रहा है, जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे गंभीर बात यह बताई जा रही है कि हर्ष मिनरल्स द्वारा लगातार नियमों को दरकिनार कर डोलोमाइट का उत्खनन और परिवहन सीधे अपने ही क्रेशर तक किया जा रहा है। इससे न सिर्फ खनिज नियमों के उल्लंघन का आरोप मजबूत हो रहा है, बल्कि खनिज विभाग की निगरानी और कार्रवाई की कार्यप्रणाली भी कटघरे में है। स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है कि शिकायतों और कार्रवाई के बावजूद खनिज विभाग की निष्क्रियता से अवैध खनन का यह खेल फिर से बेखौफ तरीके से चल रहा है।



You must be logged in to post a comment.