शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// गुरुवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने सरिया तहसील क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे बिजली पोल और तारों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। कई जगह ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

बरपाली, कांदूरपाली और बुदबुदा में ज्यादा असर
तूफान का सबसे ज्यादा असर सरिया क्षेत्र के बरपाली, कांदूरपाली, पंचधार और बुदबुदा गांवों में देखने को मिला। यहां बिजली लाइनें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राहत और सुधार कार्य में जुटी टीम
घटना के बाद से ही बिजली विभाग की टीम लगातार सुधार कार्य में लगी हुई है। असिस्टेंट इंजीनियर बरमकेला गजाधर सिदार, जूनियर इंजीनियर सरिया मदन नायक, जूनियर इंजीनियर साल्हेओना किशन भोई के नेतृत्व में स्वयं अधिकारी, करीब 30-35 कर्मचारी और ठेकेदार मार्तंड पटेल व लोकेश पटेल मौके पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। टीम का प्रयास है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।
ग्रामीणों ने भी संभाली जिम्मेदारी
बुदबुदा गांव में ग्रामीणों ने भी पहल दिखाते हुए सड़क पर गिरे विशाल पेड़ों को हटाया, जिससे देर रात तक यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। हालांकि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम अभी भी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार काम चल रहा है और जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली सप्लाई शुरू करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल विभाग और ग्रामीण मिलकर हालात को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं।



You must be logged in to post a comment.