शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामूली विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी रूप कुंवर महंत (41 वर्ष) पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ने और रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
घर की परछी में खून से लथपथ मिली थी पत्नी
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे मृतका का बेटा सूरज दास महंत (25 वर्ष) अडानी प्लांट से ड्यूटी कर घर लौटा। उसने अपनी मां रूप कुंवर महंत को घर की परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में जगह-जगह खून के छींटे भी दिखाई दे रहे थे। पिता अमृत लाल महंत वहीं बैठे थे, लेकिन बेटे के पूछने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद परिजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से बढ़ा संदेह
11 अक्टूबर को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद अपराध क्रमांक 258/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले। फावड़े और लकड़ी के डंडे की भी जांच की गई। प्रारंभिक जांच में घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी सामने नहीं आने पर पुलिस का संदेह पति पर गहराया।
तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में थी पुलिस की निगरानी
जांच के दौरान आरोपी अमृत लाल महंत का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ गया, जिसके कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस टीम लगातार उस पर निगरानी रखे हुए थी। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया।
फावड़ा और आरोपी के कपड़े जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुसौर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़ा, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय, आरक्षक राहुल सिदार और थाना पुसौर के हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर आरोपियों को कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


