शेयर करें...
2.85 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन का हुआ लोकार्पण, सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के चेहरों पर खिली मुस्कान
मुंगेली//सरगांव। नगर पंचायत सरगांव स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय में सोमवार को शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत बालिकाओं को 198 साइकिल वितरित की। इनमें से सेजेस विद्यालय की 38 एवं कन्या शाला की 160 छात्राएं शामिल रहीं। इस अवसर पर 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरस्वती साइकिल वितरण योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। साथ ही छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी, समय बचेगा और वे पहले से अधिक नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, उपाध्यक्ष पूजा कौशिक, जिला पंचायत सदस्य अम्बालिका साहू, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, प्रदेश मंत्री (अल्पसंख्यक मोर्चा) रणजीत सिंह हुरा, रामकुमार कौशिक, पंकज वर्मा, राजकुमार (छोटू) साहू, सुषमा पोषण यादव, नंदनी साहू, मनीष साहू,कमलेश अग्रवाल , तरुण अग्रवाल, विष्णु राजपूत,विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


