शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम झिकीपाली में संचालित शासकीय शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह दुकान ग्राम गिन्डोला जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो गांव का एकमात्र आवागमन रास्ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मार्ग से स्कूली छात्राएं, महिलाएं और ग्रामीण रोजाना डोंगरीपाली बाजार व स्कूल के लिए आवागमन करते हैं, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे माहौल खराब हो रहा है और छात्राओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ अभिभावकों का कहना है कि इस स्थिति के कारण कई छात्राओं ने स्कूल जाना तक कम कर दिया है।
महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के चलते गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी असर पड़ रहा है। इस विरोध में सावित्री राणा, कुंती राणा, मीरा बरीहा, सुकांति सिदार, खिरोबति सिदार, दीपांजलि सिदार, प्रभा सिदार, अंशुया सिदार, ससुता पांडे, सबिता सिदार, पूणिमा सिदार, कानको सिदार, अनिता, उर्वशी, पविष्टा सिदार, सीता, संतोषनी और दिलेश्वरी सिदार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। पूरे गांव में इस मुद्दे को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


