शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेओना निवासी 65 वर्षीय सुभाष महंत पिता मकरदम की सड़ी-गली लाश कुधरगढ़ी-कंवरगुड़ा के बीच जंगल की झाड़ियों में मिली। सुभाष महंत पिछले करीब 5-6 दिनों से घर से लापता थे। मंगलवार को जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कपड़ों और शरीर के ढांचे के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान सुभाष महंत के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक सुभाष महंत किसी काम से कुधरगढ़ी की तरफ गए थे, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की झाड़ियों में शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव काफी सड़-गल चुका था और मौके पर तेज दुर्गंध भी आ रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि जंगल में जंगली सुअर का शिकार करने के लिए किसी ने करंट प्रवाहित तार बिछाया होगा और संभवतः सुभाष महंत उसी तार की चपेट में आ गए। हालांकि, करंट प्रवाहित तार और घटना की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में यह भी जांच का विषय है कि जंगल में इस तरह बिजली का तार किसने और किस उद्देश्य से बिछाया था।
घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना प्रभारी, सारंगढ़ एसडीओपी और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की। शव की हालत काफी खराब होने के कारण मौके पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को वहीं दफनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि ग्रामीण की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या वाकई जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की वजह से यह हादसा हुआ।


