सारंगढ़ में ESAF बैंक की अव्यवस्था से ग्राहक परेशान, कर्मचारियों की कमी और नगदी पैसे नहीं होने से चक्कर काट रहे ग्राहक..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ स्थित ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक में कर्मचारियों की कमी और बैंकिंग कार्यों में लग रहे लंबे समय के कारण ग्राहकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों का आरोप है कि शाखा में पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने के कारण सीमित स्टाफ पर काम का अधिक दबाव है, जिसका सीधा असर बैंक आने वाले ग्राहकों की सुविधा पर पड़ रहा है। वहीं, बैंक में जरूरत के मुताबिक पैसा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी सामने आ रही है, जिससे ग्राहकों की परेशानी और बढ़ गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

बताया जा रहा है कि शाखा में महज दो-तीन कर्मचारियों के सहारे बैंकिंग कार्य संचालित हो रहे हैं। एक कर्मचारी को एक साथ कई तरह के काम संभालने पड़ रहे हैं। इसके चलते सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए भी ग्राहकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। ग्राहकों का कहना है कि कई बार बैंक पहुंचने के बाद भी उनकी जरूरत के मुताबिक नकदी उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।

गोल्ड लोन के काम में 2 से 3 घंटे तक इंतजार

ग्राहकों के अनुसार गोल्ड लोन नया कराने या पुराने गोल्ड लोन का Renewal कराने में करीब 2 से 3 घंटे तक का समय लग रहा है। कई मामलों में प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण ग्राहकों को दोबारा बैंक आना पड़ता है। दूरदराज के इलाकों से बैंक पहुंचने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और अधिक परेशानी वाली है।

ग्राहकों का कहना है कि एक सामान्य बैंकिंग काम के लिए भी उन्हें एक से दो दिन तक बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे उनका समय और आने-जाने का खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। वहीं, बैंक में पर्याप्त पैसा उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ग्राहकों को अपनी ही जमा राशि निकालने या जरूरी लेनदेन के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

सीमित स्टाफ और नकदी की कमी पर बैंक प्रबंधन से सवाल

ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से शाखा में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की व्यवस्था करने के साथ-साथ नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बैंकिंग सेवाएं समय पर और सुचारू रूप से मिलना ग्राहकों का अधिकार है। कर्मचारियों की कमी का असर ग्राहकों पर नहीं पड़ना चाहिए।

अब सवाल यह है कि जब शाखा में ग्राहकों की संख्या और बैंकिंग कार्यों का दबाव लगातार बना हुआ है, तो पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही? वहीं, बैंक में पर्याप्त पैसा उपलब्ध नहीं होने की शिकायतों का समाधान कब होगा? ग्राहकों को घंटों इंतजार करने और एक छोटे से काम के लिए बार-बार बैंक आने की स्थिति से आखिर कब राहत मिलेगी?

Scroll to Top