शेयर करें...
रायगढ़// जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में युवक की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू महंत उर्फ संजय महंत और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव के रूप में हुई है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की पुलिस तलाश कर रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी उम्र 35 वर्ष ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना करते हुए विवाद किया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटककर पीटा। मारपीट में शिवा को गंभीर चोटें आईं।
घर पहुंचने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की और घटनास्थल से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों तथा बीच-बचाव करने वाले गवाहों के बयान लिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर 2026 को थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जेल से रिहाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दबिश दी गई। पुलिस को जानकारी मिली कि राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और जल्द रिहा होने वाले हैं।
इसके बाद पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब कर थाना लाया और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
मामले में फरार आरोपी धन्नू निषाद की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कहा, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी ने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


