सरिया लकड़ी की अवैध कटाई मामले में कांग्रेस की एंट्री, भाजपा पार्षद पर कार्रवाई की मांग, चक्काजाम की चेतावनी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर पंचायत में कहवा पेड़ों की कथित कटाई के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर के घर से वन विभाग की उड़नदस्ता टीम द्वारा लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त किए जाने के बाद अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। कांग्रेसियों ने वनमंडलाधिकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नाम तहसील के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर पार्षद सहित मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

जब्ती के बाद कांग्रेस ने उठाया कार्रवाई का मुद्दा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया के अध्यक्ष उग्रसेन साहू, महामंत्री हिमांशु पाणिग्राही, मंडल अध्यक्ष रूप पटेल, उपेंद्र पात्रे सहित अन्य कांग्रेसियों ने यह ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार पुष्पेंद्र राज की अनुपस्थिति में ज्ञापन राजस्व निरीक्षक हेमसागर चौधरी को दिया गया। कांग्रेस ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद सत्यवान मनहर के खिलाफ कहवा पेड़ों की कटाई को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा सीएम हेल्पलाइन और वन विभाग में शिकायत की गई थी। इसके बाद वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने लकड़ी और कटाई में इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रैक्टर को जब्त किया है।

कहवा लकड़ी की कटाई पर कठोर कार्रवाई की मांग

कांग्रेसियों ने अपने ज्ञापन में कहवा को इमारती और औषधीय महत्व की लकड़ी बताते हुए आरोप लगाया है कि छोटे झाड़ के जंगल में स्थित पेड़ों की कटाई कराई गई। ज्ञापन में मामले से जुड़े फोटो और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने का भी दावा किया गया है। कांग्रेस ने वन विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पार्षद सत्यवान मनहर और कथित रूप से शामिल अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी

ज्ञापन में कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया द्वारा चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात भी कही गई है। कांग्रेस की इस मांग के बाद अब मामले में वन विभाग की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।

गौरतलब है कि सरिया बस स्टैंड के पास स्थित काजू बाड़ी में करीब 20 कहवा पेड़ों की कथित कटाई का मामला सामने आया था। स्थानीय नागरिक जयप्रकाश सोनी ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। लगातार खबरें सामने आने के बाद वन विभाग की उड़नदस्ता टीम रेंज ऑफिसर मालिकराम पोर्ते के नेतृत्व में सरिया पहुंची और पार्षद के घर से लकड़ी व ट्रैक्टर जब्त किया। अब कांग्रेस ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग कर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि, पार्षद के खिलाफ आरोपों की पुष्टि और आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच तथा वन विभाग के आधिकारिक पक्ष के बाद ही स्पष्ट होगी।

Scroll to Top