खबर का असर: सरिया में पेड़ कटाई मामले में वन विभाग की कार्रवाई, भाजपा पार्षद के घर से लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर पंचायत में करीब 20 कहवा पेड़ों की कथित कटाई का मामला सामने आने और लगातार मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद आखिरकार वन विभाग सक्रिय हुआ है। मंगलवार को वन विभाग की उड़नदस्ता टीम सरिया पहुंची और भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर के घर पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त किया। टीम रेंज ऑफिसर मालिकराम पोर्ते के नेतृत्व में पहुंची थी। इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहा है कि पेड़ों की कटाई के मामले में संबंधित पार्षद के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group Click Here

शिकायत और खबरों के बाद हरकत में आया विभाग

सरिया बस स्टैंड के पास स्थित काजू बाड़ी में करीब 20 कहवा पेड़ों की कथित कटाई का मामला सामने आया था। वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर पर पेड़ कटवाने के आरोप लगे थे। प्रत्यक्षदर्शी चतुर्भुज धोबा ने दावा किया था कि काटे गए पेड़ों की लकड़ियां पार्षद के घर के सामने रखी गई हैं। मामले से जुड़ा वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कथित तौर पर मजदूर ट्रैक्टर में लकड़ी लोड करते दिखाई दे रहे थे।

मामले को लेकर नगर के नागरिक जयप्रकाश सोनी ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों के ठूंठ और अवशेषों की जांच की थी। हालांकि, आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने और वन विभाग व राजस्व विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर असमंजस की खबरें सामने आने के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था।

पार्षद के घर से लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त

मंगलवार को वन विभाग की उड़नदस्ता टीम रेंज ऑफिसर मालिकराम पोर्ते के नेतृत्व में सरिया पहुंची। टीम ने भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर के घर से लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब तक आरोपों और जांच तक सीमित रहे इस मामले में जब्ती की कार्रवाई हुई है।

अब पार्षद पर क्या होगी कार्रवाई?

लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त होने के बाद अब सबकी नजर वन विभाग की अगली कार्रवाई पर है। जांच में पेड़ों की कटाई की अनुमति, जब्त लकड़ी के स्रोत और इस मामले में संबंधित लोगों की भूमिका जैसे बिंदु महत्वपूर्ण होंगे। अब देखना होगा कि विभाग की जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर के खिलाफ क्या वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

Scroll to Top