शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को सुशासन तिहार की तैयारी की मैराथन बैठक लेकर विभागवार विभिन्न योजनाओं का समीक्षा कर अधिकारियो को शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के प्रमुख विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों की छोटी छोटी बुनियादी जरूरतों के मांग वाले आवेदन को फोकस कर उनके पात्र हितग्राहियों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने के लिए अधिकारियो को निर्देशित किया। उन्होंने पेयजल, राशन कार्ड, कई प्रकार के पेंशन, आपदा और बीमा के क्लेम, मजदूरी भुगतान, महतारी वंदन योजना और पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत ईकेवायसी, एग्रीस्टेक अंतर्गत किसान आईडी पंजीयन, बिजली, सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पीएम आवास, शौचालय आदि को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी फील्ड में जाकर अपने विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति को मिले यह सुनिश्चित करें। उन्होंने बरसात के पहले पीएम आवास कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास के कार्यों में वर्ष 2016-2023 तक के कुल 47 हजार पीएम आवास में अपूर्ण 2 हजार आवास को पूर्ण करें। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 30 हजार पीएम आवास और वर्ष 2025- 26 में स्वीकृत 10 हजार पीएम आवास को फील्ड में जाकर हितग्राहियों से बात कर समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।
इसी प्रकार सभी ग्राम पंचायत में स्वीकृत मनरेगा कार्य कर जल संवर्धन से संबंधित डबरी, नया तालाब, तालाब गहरीकरण, चेकडेम और हितग्राही मूलक कार्य एवं आंगनबाड़ियों में संबंधित कार्यों का प्रस्ताव लेकर कार्य स्वीकृत करें। वहीं ओबीसी प्राधिकरण, मध्य क्षेत्र प्राधिकरण, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण, जिला खनिज न्यास मद के पुराने लंबित कार्यों और नए स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करें। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ, सभी इंजीनियर और पीओ मनरेगा को फील्ड में दौरा करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सही तरीके से करने के निर्देश दिए। कार्य की गुणवत्ता खराब होने पर और घटिया क्वालिटी के कार्य करने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।



