एनटीपीसी लारा के कोयला चोरी केस में CBI ने भेजे नोटिस, कई कारोबारियों से हो सकती है पूछताछ, 575 ट्रेलर में लोड कोयले की नहीं हुई डिलीवरी..

शेयर करें...

रायगढ़// एनटीपीसी लारा को भेजा जा रहा कोयला रास्ते में ही चोरी कर लिया गया। करीब एक साल बाद महारत्न कंपनी को पता चला तो जांच करवाई गई। 575 गाडिय़ों का कोयला लारा प्लांट पहुंचा ही नहीं। इस मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है। अब जानकारी मिली है कि रायगढ़ जिले के कई गाड़ी मालिकों को सीबीआई का नोटिस आया है।

Join WhatsApp Group Click Here

एनटीपीसी लारा प्रोजेक्ट को वहां के अधिकारियों ने शुरू से ही कमाई का अवैध जरिया बना लिया। बाहरी लोग घोटाले का प्लान लेकर पहुंचे जिसे वहीं के अफसरों ने अमलीजामा पहनाया। भू-अर्जन में खुद ही जमीनें खरीदकर मुआवजा और पुनर्वास राशि हासिल कर ली। कई अधिकारी और कर्मचारियों ने दो-दो डिसमिल जमीन खरीदी और पांच लाख रुपए ले लिए। इसके बाद मटेरियल भी गायब करने का कारनामा हुआ। अब 575 ट्रक कोयला ही चोरी कर लिया गया।

दरअसल, एनटीपीसी लारा को तलाईपाली और दूसरे खदानों से कोयला भेजा जा रहा था। रोड के जरिए ही परिवहन हो रहा था। प्रतिदिन कम से कम 500 ट्रेलर कोयला लेकर पहुंचते थे। ऐसे में दस-बीस गाडिय़ां गायब कर देने से पता नहीं चलता था।

मीडिया ने इस गड़बड़ी की खबर प्रकाशित की थी जिसके बाद एनटीपीसी लारा प्रबंधन ने जांच करवाई। प्लांट के एंट्री गेट रजिस्टर और अंदर स्टॉक यार्ड व फायनेंस सेक्शन के रिकॉर्ड में भारी अंतर मिला। 28 अप्रैल 2023 से 22 मई 2024 के बीच की अवधि में 575 ट्रेलर व ट्रक गायब किए गए। गाड़ी नंबर सहित जानकारी सीबीआई को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने प्रारंभिक जांच के बाद गाड़ी नंबर के आधार पर कई लोगों को नोटिस भेजा है। यह भी कहा जा रहा है कि उनसे पूछताछ भी हो सकती है।

कंपनी को करीब पांच करोड़ का नुकसान

एनटीपीसी लारा के गेट पर गाडिय़ों की एंट्री सीआईएसएफ करती है। अंदर स्टॉक में अलग से एंट्री होती है। 28 अप्रैल 2023 से 22 मई 2024 के बीच 575 ट्रेलरों का कोई हिसाब नहीं मिला। सिर्फ अक्टूबर 2023 में ही 154 ट्रेलर गायब मिले। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी को करीब पांच करोड़ का नुकसान पहुंचाया गया। सीबीआई ने लारा प्लांट में काम करने वाले सजल रॉय तत्कालीन एजीएम फायनेंस कोल कोऑर्डिनेशन एनटीपीसी लारा, बीबी परीदा तत्कालीन सीनियर मैनेजर पी एंड एस टेक सर्विसेस, तिलक राम चंद्राकर असिस्टेंट मैनेजर एश हैंडलिंग एनटीपीसी लारा, जेपी लधिया असिस्टेंट मैनेजर फ्यूल हैंडलिंग ऑपरेशन, शिवराम पाणि असिस्टेंट मैनेजर, एनटीपीसी के अन्य अज्ञात अधिकारी, सीआईएसएफ और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 120 बी, 420, 13/2, 13(1)(ए) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पूरी जानकारी के लिए इस आर्टिकल को पढ़ें..

Scroll to Top