सारंगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 185 लीटर महुआ शराब और 940 किलो लहान जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने की सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

मुखबिर की सूचना पर ताबड़तोड़ रेड

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोतरी में अवैध शराब का निर्माण और सप्लाई बड़े स्तर पर किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुभम गिरी गोस्वामी और तुलसी गोस्वामी के घर दबिश दी, जहां से बड़ी मात्रा में महुआ लहान और कच्ची शराब बरामद हुई। मौके से करीब 150 लीटर कच्ची महुआ शराब, 840 किलो महुआ लहान और ईस्ट जब्त किया गया।

अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई, एक आरोपी फरार

इसके बाद पुलिस ने गांव के अन्य ठिकानों पर भी रेड कार्रवाई की। गोवर्धन निषाद के घर से 15 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, हालांकि वह मौके से फरार हो गया। वहीं सावित्री साहू के घर से 20 लीटर शराब और 100 किलो महुआ लहान जब्त किया गया। पुलिस ने पूरे नेटवर्क को खंगालते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

किराना दुकानदार की भूमिका भी आई सामने

जांच के दौरान सामने आया कि विजय अग्रवाल अपने किराना स्टोर से महुआ फूल, ईस्ट और अन्य सामग्री सप्लाई कर अवैध शराब निर्माण में सहयोग कर रहा था। उसके कब्जे से भी महुआ फूल और ईस्ट जब्त किया गया। इस तरह कुल मिलाकर करीब 185 लीटर कच्ची महुआ शराब और 940 किलो से अधिक महुआ लहान व सामग्री जब्त की गई।

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कामिल हक, अंजान सिंह काटले, भंवरलाल काटले, पुरुषोत्तम राठौर, शकुंतला जायसवाल सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Scroll to Top