बड़ी ख़बर : छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ और ऑपरेटर संघ ने धान खरीदी के बहिष्कार करने का किया ऐलान, चार सूत्रीय मांगों को लेकर 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी, धान खरीदी होगी प्रभावित..

शेयर करें...

रायपुर/ प्रदेश में इस बार धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं, छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ और ऑपरेटर संघ ने धान खरीदी का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। ऐसे में कर्मचारियों का आंदोलन शुरू हुआ तो आने वाले समय में इसका असर धान खरीदी पर पड़ सकता है।

छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी ऑपरेटर संघ द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी है। आंदोलन की शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी।

महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन द्वारा उनकी चार सूत्रीय लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आगामी धान खरीदी सीजन का पूर्ण रूप से बहिष्कार करते हुए 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन में जिले की सभी सहकारी समितियों के कर्मचारी भी भाग लेंगे।

चार सूत्रीय मांगों को पूरा करने दिया था आश्वासन

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी चार सूत्रीय मांगें खाद्य विभाग और सहकारिता विभाग से जुड़ी हुई हैं, जिन पर वर्षों से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। पिछले साल धान खरीदी से पहले कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू किया था। लेकिन, तब शासन-प्रशासन ने उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया था। लेकिन, साल भर बीत जाने के बाद भी शासन ने उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कोई पहल नहीं की है, जिसके कारण कर्मचारियों में आक्रोश है।

कर्मचारी नेता बोले- भविष्य से जुड़ी हैं उनकी मांगे

संघ के कर्मचारी नेताओं ने कहा कि करीब 15,000 सहकारी समिति कर्मचारियों और 39 उपार्जन केंद्रों के संविदा कंप्यूटर ऑपरेटरों के भविष्य से जुड़ी इन मांगों को लेकर संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठनों का कहना है कि यदि सरकार समय रहते उनकी जायज मांगों पर निर्णय नहीं लेती, तो धान उपार्जन प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित होगी। इसकी जिम्मेदारी शासन की होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सभी मांगें जायज है और उनकी भविष्य को लेकर है।

धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे कर्मचारी और ऑपरेटर

कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे। ऐसे में अब देखना होगा कि शासन इस आंदोलन से पहले कर्मचारियों को मनाने की कोशिश करेगी या फिर इस बार धान खरीदी की शुरुआत होने से पहले ही खरीदी केंद्रों पर आंदोलन का असर दिखेगा।

बतादें कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए यह आंदोलन केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों किसानों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।

चरणबद्ध तरीके से होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन

  • 24 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय रैली निकालकर मंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
  • 28 अक्टूबर को संभागीय स्तर पर एक दिवसीय ”महाहुंकार” रैली निकाली जाएगी।
    3 से 11 नवंबर तक संभाग स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
  • 12 नवंबर से लंबित चार सूत्रीय मांगों की पूर्ति के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ की जाएगी।
Scroll to Top