दमकल व्यवस्था पर बड़ा फैसला: अब बरमकेला और बिलाईगढ़ में तैनात होंगी फायर ब्रिगेड, आदेश जारी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में दमकल वाहनों की कमी और लंबे समय से खड़े रहने के मुद्दे पर जिला प्रशासन ने आखिरकार बड़ा फैसला लिया है। हाल ही में सामने आई खबर में बताया गया था कि करोड़ों की लागत से खरीदी गई फायर ब्रिगेड गाड़ियां करीब 15 महीनों से रायगढ़ में खड़ी थीं और जरूरत के समय उपयोग में नहीं आ पा रही थीं। इस खबर के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अब स्थिति सुधारने की दिशा में कदम उठाया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

दो नगर पंचायतों को मिली बड़ी राहत

जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए दो दमकल वाहनों का आबंटन कर दिया है। एक फायर ब्रिगेड बरमकेला नगर पंचायत को और दूसरी बिलाईगढ़ नगर पंचायत को दी गई है। इससे दोनों क्षेत्रों में आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने की क्षमता मजबूत होगी और आपात स्थिति में त्वरित राहत मिल सकेगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से दमकल सुविधा की मांग की जा रही थी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं के दौरान दूर से फायर ब्रिगेड पहुंचने में देरी होती थी, जिससे नुकसान बढ़ जाता था। ऐसे में इन वाहनों का स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होना बड़ी राहत माना जा रहा है।

अब तेज होगी राहत और बचाव कार्य

प्रशासन के इस निर्णय से अब बरमकेला और बिलाईगढ़ क्षेत्र में आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी। उम्मीद की जा रही है कि पहले की तरह देरी नहीं होगी और लोगों की जान-माल की सुरक्षा बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो पाएगी।

Scroll to Top