शेयर करें...
रायगढ़// तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा करते हुए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। 19-20 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित खेतों में छापेमारी की। मौके पर झारखंड निवासी मार्शल संगा (उम्र 40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा फरार हो गए। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
खेत और घर से मिला भारी मात्रा में अफीम
रेड के दौरान पुलिस ने दो खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल पाई। जांच में कुल 60,326 अफीम पौधे मिले, जिनका वजन करीब 2,877 किलोग्राम आंका गया। इसके अलावा आरोपी के आमाघाट स्थित घर (ससुराल) से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई। जब्त अफीम पौधों की कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये और तैयार अफीम की कीमत 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्त मादक पदार्थ का मूल्य लगभग 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये है।
जांच में कई विभाग शामिल, अवैध खेती का बड़ा नेटवर्क उजागर
पूछताछ में मार्शल संगा ने बताया कि वह झारखंड से अपने साथियों के साथ आकर अवैध रूप से यह खेती कर रहा था और इसके लिए कोई वैध दस्तावेज उसके पास नहीं है। जांच के दौरान एफएसएल टीम ने मौके पर फसल की पुष्टि अफीम के रूप में की, वहीं राजस्व विभाग ने बताया कि यह खेती पांच अलग-अलग खसरों की जमीन पर की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान आबकारी, कृषि और राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं।
ऑपरेशन आघात के तहत सख्ती, फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


