सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 103 बोतल कोरेक्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से हो रही थी तस्करी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 103 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कोरेक्स सिरप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कोरेक्स सिरप के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 5,73,072 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय तथा डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के सोहेला क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल में कोरेक्स सिरप लाकर सरिया क्षेत्र में सप्लाई की जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम देवगांव स्थित एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी की। इस दौरान लाल रंग की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी प्लास्टिक बोरी से 103 बोतल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राईप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कोरेक्स सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप कंटगपाली निवासी नरेश साहू के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 103 बोतल कोरेक्स सिरप (कीमत 23,072 रुपये), हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक सफेद अर्टिगा कार तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए। तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. गणेश पटेल (24), निवासी ग्राम बार, थाना सरिया
  2. नरेश साहू (31), निवासी कंटगपाली, थाना सरिया
  3. राजकुमार साहू (35), निवासी खैरा, थाना डोंगरीपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक विजय यादव, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, प्रधान आरक्षक अनिल साहू, प्रधान आरक्षक मोहन लाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक टीकाराम पटेल, आरक्षक दिलीप स्नेही, आरक्षक श्रवण टंडन, आरक्षक ताराचंद मिरेन्द्र, आरक्षक मुकेश कश्यप, आरक्षक सुरेन्द्र पटेल, आरक्षक दिगम्बर पटेल, आरक्षक नर्मदा प्रसाद यादव तथा सायबर सेल से सउनि रामकुमार मानिकपुरी और आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Scroll to Top