छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला, बोले- शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा, मृत छात्रों के परिवारों को मिले मुआवजा..

शेयर करें...

रायपुर// दिल्ली में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर हुई कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो सेवाएं बंद कर दी गईं, इंटरनेट बंद किया गया और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्दीधारी और बिना वर्दी के लोग भी छात्रों की पिटाई कर रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

देशभर में छात्रों का आंदोलन

भूपेश बघेल ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र और उनके अभिभावक लगातार आंदोलन कर रहे हैं। यह आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद के दोनों सदनों में उठा रही है और छात्रों के पक्ष में लगातार आवाज बुलंद कर रही है।

राहुल गांधी भी उठा रहे मुद्दा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर अन्य मंचों तक छात्रों के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

भूपेश बघेल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन छात्रों की मौत हुई है, उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Scroll to Top