सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्विफ्ट डिजायर से 62 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, तस्कर फरार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उड़ीसा से गांजा लेकर आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार से पुलिस ने 62 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

Join WhatsApp Group Click Here

मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी

पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (OD 02 BV 7653) में गांजा लेकर कुछ लोग उड़ीसा से शक्ति-जांजगीर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम बोरिदा के बगीचा तालाब के पास मेन रोड पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक कार छोड़कर भाग निकला।

कार से 59 पैकेट में मिला गांजा

गवाहों की मौजूदगी में जब कार की तलाशी ली गई तो अंदर 59 पैकेट में कुल 62 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है, वहीं कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख 90 हजार रुपये है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सउनि मोतीलाल डनसेना, विजय यादव, मोहन गुप्ता, विमल जांगड़े, खेमलाल, श्रवण टंडन, दिलीप स्नेही, दिगंबर, दिलीप साव सहित साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी, दीपक मैत्री, कृष्णा डनसेना, मोतीलाल जांगड़े और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top