शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू की करीब 7 करोड़ रुपये की संपत्तियां सीज कर दी हैं। पुलिस ने सफेमा (SAFEMA) एक्ट के तहत यह कार्रवाई करते हुए आरोपी की 16 संपत्तियों को जब्त किया है। इन संपत्तियों में पत्नी, बेटे और मां के नाम पर खरीदी गई करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी भी शामिल है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा की गई यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत राजधानी में पहली बड़ी आर्थिक कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस का दावा है कि रवि साहू ने अवैध गांजा तस्करी से अर्जित रकम से रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में संपत्तियां खरीदी थीं।
डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रवि साहू लंबे समय से गांजा तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले, अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े केस शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रवि साहू राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी इलाके से गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित करता था। इसके अलावा वह प्रदेश के अन्य जिलों और राज्यों तक भी गांजा सप्लाई करने में शामिल था। पुलिस के मुताबिक वह छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा गांजा तस्कर माना जाता है।
जांच एजेंसियों ने जब उसकी आर्थिक गतिविधियों की पड़ताल की तो करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति का खुलासा हुआ। आरोप है कि रवि साहू ने अवैध कमाई को छिपाने के लिए अपनी पत्नी, बेटे और मां के नाम पर कई मकान, प्लॉट और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं।
पुलिस कमिश्नरेट ने इस पूरे मामले में विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट को भेजा था। कोर्ट की प्रक्रिया के बाद अब इन संपत्तियों को सीज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी नशे के कारोबार से जुड़े अन्य आर्थिक नेटवर्क की जांच जारी रहेगी।
रायपुर पुलिस के मुताबिक नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।
इस कार्रवाई के बाद राजधानी के अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत और भी बड़े तस्करों की संपत्तियों की जांच की जाएगी। वहीं शहर के लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे नशे के खिलाफ बड़ी पहल बताया है।


