सांभर शिकार मामले में 8 आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए, लेकिन वन विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// वन परिक्षेत्र सारंगढ़ सामान्य अंतर्गत मेकरा परिसर क्षेत्र में सांभर के अवैध शिकार मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले के मुख्य आरोपी देवनाथ नायक वल्द जीतराम नायक समेत कुल 8 आरोपियों को 18 मई 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी आरोपियों को 30 मई 2026 तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामला वन्यजीव शिकार से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक मेकरा परिसर क्षेत्र में सांभर के अवैध शिकार की सूचना के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा था। हालांकि पूरे मामले में विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि यदि मामला इतना गंभीर है तो वन विभाग द्वारा अब तक प्रेस विज्ञप्ति या आधिकारिक बयान जारी क्यों नहीं किया गया। वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाला विभाग इस मामले में असामान्य चुप्पी साधे हुए है।

मामले को दबाने की कोशिश के आरोप

क्षेत्र में चर्चा है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि कार्रवाई तो की गई, लेकिन पूरे घटनाक्रम को सार्वजनिक करने से बचा जा रहा है। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं न कहीं मामले की गंभीरता को कम दिखाने का प्रयास हो रहा है। वन विभाग की ओर से न तो जब्त सामग्री की जानकारी दी गई है और न ही शिकार की पूरी परिस्थितियों को लेकर कोई खुलासा किया गया है। इससे लोगों के बीच संदेह और बढ़ गया है।

वन्यजीव संरक्षण के दावों पर सवाल

वन विभाग लगातार वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता बचाने की बात करता है, लेकिन इस तरह के गंभीर मामलों में पारदर्शिता की कमी विभाग की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग सच में वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर है तो ऐसे मामलों में खुलकर जानकारी सामने आनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। फिलहाल पूरे मामले में विभागीय चुप्पी और आधिकारिक बयान का अभाव कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

Scroll to Top