शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो और सदस्यों को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज झाला और राजेश लोधी के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए शेष सामान की तलाश में जुटी है।
173 आईफोन लेकर फरार हुए थे आरोपी
मामला रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर का है, जहां शातिर चोरों ने सेंध लगाकर 173 आईफोन पार कर दिए थे। चोरी किए गए मोबाइल की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई थी। घटना के बाद तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट ने जांच शुरू की। जांच में गिरोह के तार मध्यप्रदेश के देवास से जुड़े मिले।
देवास में दबिश देकर दो और आरोपियों को पकड़ा
पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के देवास में कार्रवाई करते हुए राज झाला और राजेश लोधी को गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी को चोरी के इस बड़े मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने 125 आईफोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को जब्त किया था। वहीं, आरोपियों के कब्जे से अब दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड भी बरामद किया गया है।
कंजर गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के पीछे अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का हाथ है। गिरोह का सरगना राजेश झाला पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब देवास से दो और सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के नेटवर्क और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर आगे की जांच कर रही है।
एंटी क्राइम और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पूरे मामले में एंटी क्राइम यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस का फोकस चोरी गए बाकी आईफोन की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर है। करीब 2 करोड़ रुपये की इस चोरी ने राजधानी के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।


