शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर नागपुर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार महिला और बाल अपराधों को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मामला 14 जुलाई 2026 का है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 15 जुलाई को परिजनों ने सरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 22 अगस्त को नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। काउंसलिंग के दौरान नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी कृष्णा यादव उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर नागपुर ले गया था। आरोप है कि नागपुर में आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के बयान और मामले की जांच के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 65(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सरिया थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक नर्मदा यादव, गीताराम भास्कर, अमृत केवट और महिला आरक्षक सविता यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि महिला और बाल अपराधों में दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


