शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र में आधी रात घर में घुसकर चोरी करने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसा था। घर में मौजूद लोगों के जाग जाने और विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मेहमान के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 17 अगस्त 2026 की रात की है। सरिया निवासी प्रार्थिया उत्तरा सिदार अपने पति के साथ घर के बरामदे में सो रही थीं, जबकि घर के अंदर एक कमरे में बरगढ़, ओडिशा निवासी संतोष दास सोए हुए थे। रात करीब 12 बजे सीढ़ी पर रखी बाल्टी गिरने की आवाज सुनकर उत्तरा की नींद खुली। बाहर आकर देखने पर उन्हें एक युवक सीढ़ी से नीचे उतरता दिखाई दिया। पूछताछ करने पर युवक की पहचान संदीप उर्फ भुरू धांगड़ के रूप में हुई।
घर में घुसने का कारण पूछने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी। शोर सुनकर कमरे में सो रहे संतोष दास भी बाहर आ गए। उन्होंने भी आरोपी से घर में घुसने का कारण पूछा, जिसके बाद आरोपी ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपी ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर संतोष दास के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरिया पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान लिए और आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान संदेही संदीप उर्फ भुरू धांगड़, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 सरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को 27 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेंद्र कुमार, सउनि मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक विजय यादव तथा आरक्षक मुकेश कश्यप, ताराचंद मिरेन्द्र, लक्ष्मीनारायण पटेल, नर्मदा यादव और श्रवण टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


