जिस शिक्षक पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी थी, उसी पर मासूम से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर भेजा जेल..

शेयर करें...

रायगढ़// शिक्षक को समाज में गुरु का दर्जा दिया जाता है। उससे उम्मीद की जाती है कि वह बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सुरक्षित माहौल भी देगा, लेकिन जब बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक पर ही मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगे, तो यह पूरे शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला बन जाता है। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में ऐसा ही गंभीर मामला सामने आया है, जहां करीब 6 साल 4 माह की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में 52 वर्षीय शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

स्कूल जाने से मना किया तो सामने आई मासूम की आपबीती

पुलिस के अनुसार, घटना 12 नवंबर की है। प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक अजय कुमार भट्ट पर आरोप है कि उसने दोपहर के समय बच्ची और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में बुलाया। वहां शिक्षक ने बच्ची के सामने अश्लील हरकत की।

मामला तब सामने आया जब 13 नवंबर को बच्ची की दादी ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा, लेकिन बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया। दादी ने जब इसकी वजह पूछी तो मासूम ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। बच्ची की बात सुनकर परिजनों ने गांव के प्रमुख लोगों को जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी।

दादी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता महिला को थाना घरघोड़ा पहुंचाया। महिला की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट, पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ठूसेकेला थाना खरसिया, हाल मुकाम घरघोड़ा क्षेत्र के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ एवं विवेचना के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गुरु की गरिमा पर सवाल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जिस स्कूल में बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, वहां इस तरह के आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है। गुरु का दर्जा केवल पद या नाम से नहीं, बल्कि आचरण और जिम्मेदारी से मिलता है। बच्चों के भरोसे और मासूमियत की रक्षा करना शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस संवेदनशील मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय में होगा।

Scroll to Top