शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से 21 अक्टूबर 2026 से 21 दिसंबर 2026 तक बाल विवाह मुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के संबंधित अधिकारियों को विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, अभियान के अंतर्गत आगामी 27 नवंबर 2026 को जिले में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर बाल विवाह के विरुद्ध शपथ कार्यक्रम आयोजित करने तथा अन्य उपयुक्त जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।


